दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने आईपीएल 2021 का आगाज दमदार तरीके से किया है। बाएं हाथ के बल्लेबाज धवन ने चेन्नई के खिलाफ अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एक बार फिर से अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने मुंबई के वानखेड़े में खेले गए मुकाबले में 54 गेंदों में 85 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। धवन ने इस दौरान कई कीर्तिमान भी अपने नाम किए।
शिखर ने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और दो छक्के लगाए। इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में 600 चौके जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उनके नाम अब 176 पारियों में 601 चौके हो गए हैं। उनके बाद सर्वाधिक चौके की सूची में डेविड वार्नर के नाम है जिन्होंने 142 पारियों में 510 चौके लगाए हैं।
धवन ने इसके अलावा एक और उपलब्धि अपने नाम की और विराट कोहली को पछाड़ दिया। वह अब चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सभी टी-20 मुक़ाबलो में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सीएसके के खिलाफ धवन 910 रन बना चुके हैं जबकि विराट ने 901 रन बनाए हैं।
धवन आईपीएल में सबसे अधिक बार 50 से ज्यादा का स्कोर करने के मामले में विराट कोहली के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के अब 44 बार यह कमाल किया है। हालांकि इस मामले में पहले स्थान पर मौजूद वार्नर ने 52 बार यह कारनामा किया है।
Comments